PWD दफ्तर में ACB का छापा, रिश्वत लेते दो कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार
Wednesday, Jan 21, 2026-05:12 PM (IST)
ऊधमपुर (रमेश): एंटी करप्शन ब्यूरो (ए.सी.बी.) की टीम ने पी.डब्ल्यू.डी. कार्यालय में तैनात एक जूनियर असिस्टेंट और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ए.सी.बी. को एक शिकायत प्राप्त हुई थी कि अनिल जम्वाल, जूनियर असिस्टेंट, जो सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, पी.डब्ल्यू.डी. आर एंड बी ऊधमपुर के कार्यालय में तैनात है, तथा जीत कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर, जो एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, पी.डब्ल्यू.डी. आर एंड बी ऊधमपुर के कार्यालय में तैनात है, ने शिकायतकर्ता से ठेकेदार कार्ड जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
चूंकि शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने आरोपी सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हेतु ए.सी.बी. से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद ए.सी.बी. द्वारा एक गोपनीय जांच की गई, जिसमें संबंधित सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई।
इसके उपरांत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 तथा बी.एन.एस., 2023 की धारा 61(2) के तहत पुलिस स्टेशन ए.सी.बी. ऊधमपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान डी.एस.पी. रैंक के अधिकारी की अध्यक्षता में एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने सफलतापूर्वक जाल बिछाकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 12,000 रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ए.सी.बी. टीम मामले से संबंधित सभी दस्तावेजों सहित आरोपियों को पूछताछ के लिए अपने साथ जम्मू ले गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
