J&K की जेल में बड़ी साजिश की कोशिश, पकड़ा गया संदिग्ध पार्सल, जांच में जुटी पुलिस
Saturday, Mar 07, 2026-06:54 PM (IST)
जम्मू/डोडा (रितेश) : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले की भद्रवाह जिला जेल में एक कैदी तक मोबाइल फोन पहुंचाने की कोशिश को जेल प्रशासन ने समय रहते नाकाम कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को नियमित जांच के दौरान एक पार्सल से 2 मोबाइल फोन बरामद किए। सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, यह पार्सल जेल में बंद एक कैदी के नाम पर भेजा गया था। संबंधित कैदी पिछले करीब एक महीने से पब्लिक सेफ्टी एक्ट (पी.एस.ए.) के तहत भद्रवाह जिला जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि वह उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के हाजिन इलाके का रहने वाला है।
अधिकारियों ने बताया कि जेल में आने वाले पार्सलों की नियमित जांच के दौरान यह संदिग्ध पार्सल पकड़ा गया। जब पार्सल को खोला गया तो उसके अंदर छिपाकर रखे गए 2 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके बाद जेल प्रशासन ने तुरंत दोनों फोन जब्त कर लिए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पार्सल दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले से बुक किया गया था। इस घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस साजिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और मोबाइल फोन जेल के अंदर पहुंचाने की योजना किसने बनाई थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
