Amarnath Yatra को लेकर अहम खबर, इस बार QR कोड से होगी पहचान, पुलिस ने लॉन्च किया App
Friday, Jun 05, 2026-11:14 AM (IST)
राजौरी(दिनेश ठाकुर): इस साल अमरनाथ यात्रा के दौरान पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस कई प्रकार के प्रयत्न कर रही है ताकि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। इसी के चलते अनंतनाग जिले की पुलिस ने 'पहचान ऐप' लॉन्च किया है। यह एक QR-बेस्ड मोबाइल ऐप है जिसे यात्रा मार्ग और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर काम करने वाले सर्विस प्रोवाइडर्स (सेवा प्रदाताओं) को रजिस्टर और रेगुलेट करने के लिए बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह ऐप सर्विस प्रोवाइडर्स का मौके पर ही वेरिफिकेशन करने में मदद करता है और रजिस्टर्ड व वेरिफाइड लोगों को अनरजिस्टर्ड लोगों से अलग करके एक सुरक्षित सिस्टम बनाता है। इस ऐप को लॉन्च करने का मुख्य मकसद यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि सर्विस प्रोवाइडर के रूप में बिना वेरिफिकेशन वाले या असामाजिक तत्वों की एंट्री को रोका जा सके।
पुलिस ने ऐप के बारे में जानकारी देते कहा कि सभी अधिकृत लोगों का डिजिटल रिकॉर्ड बनाकर, यह ऐप तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को दी जाने वाली सेवाओं में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही लाता है। इससे भीड़ को आसानी से मैनेज करने में भी मदद मिलेगी, क्योंकि व्यवस्थित और रेगुलेटेड तरीके से सेवा देने से यात्रा मार्गों पर विवाद, ज़्यादा पैसे वसूलने और भीड़भाड़ की समस्या कम होगी।
यह पहल यात्रियों और पर्यटकों में भरोसा जगाएगी क्योंकि वे केवल वेरिफाइड लोगों के संपर्क में आएंगे। यह ऐप असली सर्विस प्रोवाइडर्स को डिजिटल पहचान और औपचारिक मान्यता देकर उन्हें सशक्त बनाता है।
बता दें कि इस साल अमरनाथ यात्रा आधिकारिक तौर पर 3 जुलाई को शुरू होगी और 28 अगस्त को समाप्त होगी। यात्रा दौरान पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को कोई दिक्कत या मुश्किल न हो इसके लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, सरकार और प्रशासन कई प्रयास कर रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
