Baramulla में जंगली जानवर का हमला? 6 भेड़ों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Saturday, Nov 07, 2026-12:00 PM (IST)

बारामूला(रिज़वान मीर): वागूरा के वगीला इलाके में उस समय एक गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब शाम के समय संदिग्ध जंगली जानवर के हमले में 6 भेड़ों की मौत हो गई। इस घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

भेड़ों के मालिक अब्दुल रशीद चोपान अपनी आपबीती सुनाते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि ये भेड़ें ही उनके परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा थीं। उन्होंने बताया कि तीन बच्चों के पालन-पोषण और परिवार का खर्च चलाने के लिए उन्होंने कर्ज लेकर भेड़ें खरीदी थीं।

अब्दुल रशीद चोपान ने भावुक अपील करते हुए कहा, "मैं एक गरीब आदमी हूं। मेरे तीन बच्चे हैं, जिनका पालन-पोषण करना मेरी जिम्मेदारी है। ये भेड़ें ही मेरी जिंदगी और रोजी-रोटी का सहारा थीं। मैंने इन्हें कर्ज लेकर खरीदा था, लेकिन अब मेरे पास कर्ज चुकाने और परिवार का गुजारा करने का कोई साधन नहीं बचा है।"

प्रभावित परिवार ने उपायुक्त बारामूला, तहसीलदार वागूरा और विधायक बारामूला से तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इलाके में जंगली जानवरों के संदिग्ध हमलों की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि संबंधित विभागों की ओर से पर्याप्त एहतियाती कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इंसानी जान भी खतरे में पड़ सकती है।

स्थानीय निवासियों ने वन्यजीव विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने, घटनास्थल का जायजा लेने तथा लोगों और मवेशियों की lसुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।

फिलहाल प्रभावित परिवार सरकारी मदद और मुआवजे का इंतजार कर रहा है, जबकि स्थानीय लोगों ने प्रशासन से किसी और बड़ी घटना से पहले ठोस कदम उठाने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News