Baramulla में आंगनवाड़ी हेल्पर्स का मौन प्रदर्शन, महिलाओं ने जताई नाराजगी
Saturday, Oct 31, 2026-05:15 PM (IST)
बारामूला ( रेजवान मीर ) : आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स ने आज बारामूला के चरीयापा पार्क में मौन प्रदर्शन कर आंगनवाड़ी वर्कर्स के नए पदों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन कर रही हेल्पर्स का कहना था कि उनमें से कई महिलाएं शिक्षित हैं और पिछले कई वर्षों से आंगनवाड़ी केंद्रों में अपनी सेवाएं दे रही हैं। इसके बावजूद उन्हें वर्कर्स के पदों पर नियुक्ति में प्राथमिकता नहीं दी जा रही है।
हेल्पर्स ने कहा कि उन्हें वर्षों से आंगनवाड़ी केंद्रों में काम करने का अनुभव है और वे विभाग की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं। इसलिए प्रशासन को चाहिए कि नए पदों पर नियुक्ति के दौरान शिक्षित और अनुभवी हेल्पर्स को प्राथमिकता देते हुए उन्हें ही आंगनवाड़ी वर्कर्स के पदों पर पदोन्नत किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी के कई साल विभाग की सेवा में लगाए हैं, लेकिन मौजूदा आदेश के चलते वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित और परेशान हैं।
इस मौके पर आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन की नेता अफशाना जी ने प्रशासन से अपील की कि हेल्पर्स की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए और वर्षों से सेवाएं दे रही योग्य एवं शिक्षित हेल्पर्स को ही वर्कर्स के पदों पर नियुक्त किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से संबंधित आदेश पर पुनर्विचार करने और लंबे समय से सेवाएं दे रही हेल्पर्स के हित में उचित फैसला लेने की मांग की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
