J&K: जिले के मुख्य बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था अस्त-व्यस्त, लोग परेशान
Tuesday, Feb 03, 2026-03:05 PM (IST)
आर.एस.पुरा (मुकेश): आर.एस.पुरा के मुख्य बाजार में लगातार लग रहे जाम से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहक, दुकानदार और राहगीर, सभी इस समस्या से जूझ रहे हैं। खासतौर पर व्यस्त समय में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे कई बार लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने कुछ समय पहले मुख्य बाजार में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की थी, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके, लेकिन इसका सही तरीके से पालन नहीं कराया जा रहा है। पुलिस की ढिलाई के कारण दोनों ओर से वाहन बाजार में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है।
लोगों का आरोप है कि बाजार क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण भी जाम की एक बड़ी वजह है। सड़कों के किनारे दुकानों का सामान फैलाया जाना और ठेले-रेहड़ियों की भरमार से यातायात बाधित हो रहा है। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, बाजार में नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए और अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए, ताकि आर.एस.पुरा के मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था सुधर सके और लोगों को राहत मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
