J&K: स्कूल में देर रात हुआ यह कांड, पुलिस ने FIR की दर्ज
Sunday, Aug 31, 2025-04:04 PM (IST)

शोपियां (मीर आफ़ताब): दक्षिण कश्मीर के शोपियां ज़िले के सरकारी मिडिल स्कूल पाडपावन के परिसर से लगभग 50 फीट लंबा देवदार का पेड़ काटा हुआ पाया गया है। यह घटना हेरपोरा थाना क्षेत्र में हुई, जो डिविज़नल फ़ॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) के दफ़्तर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर है।
जानकारी के मुताबिक़, अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में आरी और कटर का इस्तेमाल कर इस कीमती पेड़ को गिरा दिया। इतनी नज़दीकी पर हुई इस घटना ने वन विभाग की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने हेरपोरा थाने में FIR संख्या 44/2025 दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, स्थानीय लोगों ने इस घटना पर कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने इसे "हरे सोने की खुलेआम लूट" बताया और आरोप लगाया कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। लोगों के अनुसार, शोपियां में पिछले कई महीनों से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई की घटनाएं लगातार हो रही हैं। ग्रामीणों ने यहां तक आरोप लगाया कि कुछ वनकर्मी, ठेकेदार और लकड़ी तस्कर आपस में मिलकर इस धंधे को चला रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर उन्हें क़ानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here