Billawar में बड़ा सड़क हादसा, माता सुकराला देवी के दर्शन को जा रही बस दर्घटनाग्रस्त
Wednesday, Jun 24, 2026-08:56 PM (IST)
बिलावर ( लोकेश वर्मा ) : कठुआ जिले के पहाड़ी क्षेत्र बिलावर में बुधवार एक दर्दनाक सड़क हादसे में माता सुकराला देवी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक मिनीबस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 23 श्रद्धालु घायल हो गए हैं, जिनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिनीबस (जेके21बी-7776) सांबा जिले के गोरन और सुंब क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता सुकराला देवी मंदिर के लिए रवाना हुई थी और बिलावर के धार रोड स्थित गांव रामपुर के निकट डिंगी सिम्बली क्षेत्र में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
नियंत्रण बिगड़ने के बाद मिनीबस सड़क से नीचे खाई की ओर लुढ़क गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंसों तथा अन्य वाहनों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल श्रद्धालुओं की मदद के लिए स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल 11 यात्रियों को विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
