J&K में फिर दिखी आतंकियों की हलचल, बड़े पैमाने पर Search Operation शुरू
Monday, Apr 13, 2026-08:31 PM (IST)
बनी / कठुआ (राकेश) : कुछ समय के अंतराल में फिर कठुआ जिले में संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सोमवार को राजबाग के जखोल पुलिस चौकी के जुथाना और साथ लगते रामकोट के कई सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया।अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह राजबाग क्षेत्र के जखोल पुलिस चौकी के अंतर्गत सुफैन गांव से अंबानाल जंगलों की ओर दो हथियारबंद व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली, जिनके पास भारी बैग भी थे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने सेना और सीआरपीएफ की सहायता से तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया लेकिन शाम तक संदिग्ध आतंकवादियों का कोई सुराग नहीं मिला।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल मार्च में सुफैन वन में हुई गोलीबारी में चार पुलिसकर्मी और पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) संगठन के दो आतंकवादी मारे गए थे। आतंकवादी अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके भीतरी इलाकों में जाने के लिए इस क्षेत्र का इस्तेमाल करते हैं। उज्ज दरिया के साथ लगते जुथाना, सुफैन अंबानाल जंगल क्षेत्र होने के साथ ये सीमा पार से घुसपैठ करके आने वाले आतंकियों का पिछले तीन दशकों से सुरक्षित रूट रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह ने CRPF के साथ मिलकर दोपहर करीब सब 12 बजे कठुआ के रामकोट सेक्टर के पंजतीर्थी, भीनी नाला, बरोटा,अगलीधार और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया।
इस बीच अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और सेना पास के सांबा जिले के SIDCO जंगल क्षेत्र में भी दूसरे दिन तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं। यह अभियान रविवार तड़के शुरू किया गया था, जब दो संदिग्ध व्यक्तियों को अंधेरे में घूमते हुए देखा गया था।
इससे पहले बीती रविवार रात को मल्हार के साथ लगते बसंतगढ़ में भी पलौंड क्षेत्र स्थित सुन्नी नाला के पास स्थानीय व्यक्तियों ने दो संदिग्ध आतंकियों को देखा था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
