जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने 1 आतंकवादी को मार गिराया, सर्च ऑपरेशन जारी
Wednesday, Apr 01, 2026-12:38 PM (IST)
गांदरबल (मीर आफताब): मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के अरहामा जंगल इलाके में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी मार गिराया गया।
सेना की चिनार कोर ने माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि 31 मार्च की रात रुक-रुक कर हो रही गोलीबारी के बीच घेराबंदी को रणनीतिक रूप से फिर से व्यवस्थित किया गया। जवानों ने प्रभावी जवाबी कार्रवाई की, जिसके चलते एक आतंकी ढेर हो गया। फिलहाल इलाके में ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम को इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था।
तलाशी के दौरान छिपे आतंकियों से संपर्क स्थापित हुआ, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन को रात में रोक दिया गया था, जिसे बुधवार सुबह दोबारा शुरू किया गया। फिलहाल सुरक्षाबल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और अधिक जानकारी का इंतजार है।
