टूटी इमारतें, खस्ता हालत में पढ़ रहे बच्चे, कैसे बनेगा भविष्य
Thursday, May 21, 2026-12:00 PM (IST)
मेंढर(धनुज शर्मा): सब-डिवीजन मेंढर के दूरदराज गांव छुंगन चौधरियां मलाच के बच्चों को प्राथमिक विद्यालय के उचित भवन की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग की कथित लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
युवा नेता जावेद चौधरी ने बताया कि वर्ष 2014 में स्कूल भवन गिर गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश इतने वर्षों के बाद भी इसका पुनर्निर्माण नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार राजनीतिक नेताओं और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक नेता चुनाव के समय जनता को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करते हैं और बाद में उनकी वास्तविक समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं। जावेद चौधरी ने केंद्र सरकार और यूटी प्रशासन से अपील की कि मामले की जमीनी जांच के लिए तुरंत एक टीम भेजी जाए और स्कूल भवन का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके और उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
