सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से बढ़ी परेशानी, गंदगी के ढेर में बदला शहर
Wednesday, Jun 03, 2026-04:11 PM (IST)
आर.एस.पुरा(मुकेश रैना): आर.एस.पुरा म्यूनिसिपल कमेटी के अधीन कार्यरत सफाई कर्मचारी पिछले 8 दिनों से हड़ताल पर बैठे हुए हैं। हड़ताल के कारण शहर और बाजार क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे जगह-जगह कूड़े और गंदगी के ढेर जमा हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी से बदबू उठ रही है, जिससे आम लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि शहर में जहां भी नजर डालो, वहां गंदगी ही गंदगी दिखाई दे रही है।
नागरिकों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ती गंदगी के कारण मच्छरों और अन्य कीटों की संख्या बढ़ सकती है, जिससे विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनस्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि सफाई कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान निकाला जाए तथा हड़ताल को समाप्त करवाया जाए। लोगों का कहना है कि शहर में जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था बहाल की जाए ताकि नागरिकों को गंदगी और उससे पैदा होने वाली समस्याओं से राहत मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
