रियासी आंतकी हमला : अस्पताल में घायलों के चेहरों पर दिखा अपनों के खोने का दर्द

6/11/2024 3:23:18 PM

रियासी: रियासी के जिला अस्पताल में उपचाराधीन आतंकी हमले के घायलों के चेहरों पर अपनों के खोने का दर्द साफ झलक रहा है। उनमें से उत्तर प्रदेश के 34 वर्षीय संतोष ने बताया कि उनके 14 लोगों का समूह भोलेनाथ के दर्शन के लिए आया था। उसके मामा के लड़के अनुराग और चचेरी बहन रूबी की आतंकी हमले में मौत हो गई है। समूह के बाकी सदस्य अभी दूसरे अस्पतालों में उपचाराधीन हैं, किसी को एक-दूसरे के बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा है।

यह भी पढ़ें :  आतंकियों के निशाने पर आगामी धार्मिक यात्राएं, घात लगाकर कर रहे हमला

वहीं जयपुर के भवानी अपनी पत्नी और 2 छोटे बच्चों के साथ भोलेनाथ के दर्शन के लिए आए थे। आतंकी हमले में घायल हुई उनकी पत्नी को दूसरे अस्पताल में रैफर किया गया है। जबकि 2 बच्चे 5 वर्षीय दीक्षा और 3 वर्षीय राघव का रियासी जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उत्तर प्रदेश के आयुष गुप्ता ने बताया कि उन्होंने आतंकवाद के लिए कश्मीर का नाम सुना था, लेकिन जम्मू संभाग में ऐसा हो जाएगा इस बारे में सोचा तक नहीं था। इस हमले में उसके पिता अजय गुप्ता और मां प्रीति गुप्ता भी घायल हैं।

यह भी पढ़ें :  मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए Good News, 18 जून से शुरू होगी यह सुविधा

अजय गुप्ता ने बताया कि अचानक से बस पर फायरिंग होने लगी, जिसके बाद बस खाई में गिर गई। खाई में गिरने के बाद भी आतंकियों द्वारा यात्रियों पर फायरिंग की जाती रही। फायरिंग करने के बाद शायद आतंकी वहां से चले गए थे। उसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए थे। उनके द्वारा ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि जब स्थानीय लोग उनकी मदद को आगे आए तो उनके मन में यह डर बैठ गया था कि कहीं ये आतंकवादी ही न हों। जब लोगों ने उनसे बात की तो उनकी बात के लहजे से मन से डर दूर हुआ।


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News