राजौरी में बारिश बनी आफत, बस स्टैंड का हिस्सा बहा, कई वाहन क्षतिग्रस्त
Sunday, Jul 19, 2026-10:29 AM (IST)
जम्मू/राजौरी (शिवम, अमित) : राजौरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद नदी-नालों ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इस बीच बेला बस स्टैंड क्षेत्र में भारी तबाही देखने को मिली है। तेज बहाव के कारण बस स्टैंड का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है तथा वहां खड़ी कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई दुकानें भी बाढ़ की चपेट में आकर नुकसानग्रस्त हुई हैं।
पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा रात से ही लगातार लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए घोषणाएं की जा रही थीं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
स्थानीय लोग भी प्रभावित क्षेत्रों में सहायता के लिए आगे आ रहे हैं और प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। सामने आई तस्वीरें इस बात की गवाही दे रही हैं कि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति कितनी गंभीर और भयावह हो चुकी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
