जम्मू-कश्मीर के इस इलाके में भारी परेशानियों का सामना कर रहे लोग, प्रशासन बेख़बर

Friday, Feb 06, 2026-09:11 PM (IST)

बांदीपोरा (मीर आफ़ताब): अलूसा क्षेत्र के शेखमुकाम बाला गांव के लोग सड़क सुविधा की कमी के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। गांव तक सड़क न होने के चलते वाहन नहीं पहुंच पाते, जिससे खासतौर पर मेडिकल इमरजेंसी के समय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में एक बीमार बच्चे को चारपाई पर उठाकर गांव से बाहर ले जाना पड़ा, क्योंकि कोई भी वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। सड़क न होने की वजह से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पैदल ही सफर करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत बनने के बाद से ही यह मुद्दा लगातार पंचायत स्तर पर उठाया जा रहा है। लोगों के अनुसार, वे पिछले करीब डेढ़ साल से सड़क परियोजना से जुड़े सरकारी कागजातों का फॉलो-अप कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। यह मामला ब्लॉक स्तर से लेकर एसीडी कार्यालय तक उठाया जा चुका है।

लोगों ने बताया कि बांदीपोरा की डिप्टी कमिश्नर इंदु कंवल चिब ने शेखमुकाम बाला का दौरा किया था और सड़क समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया था, लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जवाब या अपडेट नहीं मिला है।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सड़क न होने के कारण उन्हें लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित मस्जिद तक पहुंचने में भी परेशानी होती है। शेखमुकाम बाला के लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि जल्द से जल्द इलाके को सड़क कनेक्टिविटी दी जाए, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News