Jammu मंडल की माल ढुलाई में नया रिकॉर्ड, अनंतनाग से 6 BCN वैगन में लदा चावल
Saturday, Sep 19, 2026-08:36 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर ) : जम्मू मंडल ने अपने माल लदान कारोबार में निरंतर वृद्धि करते हुए, लगातार उपलब्धि हासिल कर रहा है। यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ माल परिवहन को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत मंडल के अनंतनाग गुड्स शेड से शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ के लिए चावल (Rice) कमोडिटी से लदे 6 बीसीएन (BCN) वैगनों का सफलतापूर्वक लदान किया। जिसमें लगभग 7920 चावल के बैग थे।
हाल ही में शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ से अनंतनाग गुड्स शेड के लिए आउटवार्ड का एक बीसीएन वेगन लोड कर भिजवाया गया। जिसमें गणपति ट्रेडर्स का सीमेंट था। इसी क्रम को बढ़ाते हुए, व्यापारियों का ध्यान रेलवे के प्रति बढ़ता जा रहा हैं, जिसके तहत तीसरा इंडेंट भी लग चुका हैं।
कश्मीर घाटी से जम्मू क्षेत्र की ओर खाद्यान्न का यह परिवहन न केवल स्थानीय व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी है, बल्कि यह इस बात का भी प्रमाण है कि अब घाटी के छोटे और मध्यम व्यापारी भी रेलवे की किफायती और भरोसेमंद माल ढुलाई सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। पूरी रेक की बुकिंग की बाध्यता के बिना, कम संख्या में वैगनों की बुकिंग की सुविधा मिलने से व्यापारियों में रेल परिवहन के प्रति उत्साह बढ़ा है। सड़क मार्ग की तुलना में रेल मार्ग से माल भेजना अधिक सुरक्षित, कम खर्चीला और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से अप्रभावित रहता है।
इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने बताया कि, "हमारा निरंतर प्रयास है कि कश्मीर घाटी के सभी गुड्स शेडों को माल लदान के लिए सक्रिय किया जाए। अनंतनाग से 6 बीसीएन वैगनों में चावल का यह लदान उसी प्रयास का परिणाम है। यह घाटी के किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज और उत्पादों को जम्मू सहित देश के अन्य बाजारों तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम प्रदान करेगी।"
उन्होंने आगे कहा कि जम्मू मंडल द्वारा सभी गुड्स शेडों पर व्यापारियों की सुविधा के लिए बेहतर आधारभूत संरचना, त्वरित बुकिंग प्रक्रिया, वैगनों की समय पर उपलब्धता और चौबीसों घंटे सहायता सुनिश्चित की जा रही है। रेलवे की नई व्यापारिक नीतियों के तहत माल लदान को और अधिक सरल व आकर्षक बनाया गया है।
यह लदान भारतीय रेलवे के "हर शेड से माल लदान" और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जम्मू मंडल भविष्य में भी इस प्रकार के माल लदान को और अधिक बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
