Rajouri में नई मशीन का उद्घाटन, अब... लोगों को मिलेगी 24 घंटे सुविधा, पढ़ें पूरी खबर
Wednesday, May 06, 2026-02:43 PM (IST)
राजौरी (शिवम) : जिले में बैंकिंग सुविधाओं को मजबूत करने और आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जम्मू-कश्मीर बैंक ने गुज्जर मंडी में कैश रीसाइक्लर मशीन स्थापित कर दी है। इस मशीन का उद्घाटन उपायुक्त अभिषेक शर्मा ने किया।इस अवसर पर एडीडीसी मलिकज़ादा शेराज़ उल हक, ए.डी.सी रवि कुमार सिहाग, ए.डी.सी नौशेरा प्रीतम लाल थापा, डी.जी.एम जेके बैंक, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित अन्य वरिष्ठ बैंक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त अभिषेक शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बैंकिंग सेक्टर की सक्रिय भूमिका से जिले में आधुनिक और सुलभ वित्तीय सेवाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधाएं खासकर दूरदराज और कम सुविधाओं वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होंगी।
उन्होंने बताया कि यह कैश रीसाइक्लर मशीन लोगों को नकद जमा और निकासी दोनों की सुविधा प्रदान करेगी, जिससे वे बैंक के नियमित समय के अलावा छुट्टियों में भी लेन-देन कर सकेंगे।
उपायुक्त ने लोगों से इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सीमावर्ती जिला होने के बावजूद प्रशासन वित्तीय समावेशन और बैंकिंग पहुंच को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में ब्लॉक खवास में ए.टी.एम सुविधा शुरू की गई है, जो आज़ादी के बाद पहली बार वहां स्थापित हुई है। यह कदम क्षेत्र के समावेशी और संतुलित विकास के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में बैंकिंग सेवाएं और अधिक सुलभ होंगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
