J&K में Honey Trap का बड़ा जाल! दही-भल्ले वाला हिरासत में, ISI को जानकारी भेजने का आरोप

Sunday, Sep 27, 2026-04:04 PM (IST)

कठुआ (महाजन) :  कठुआ में फैल रहे हनी ट्रैप के जाल में एक ट्रक ड्राईवर तथा कंडक्टर के पकड़े जाने के बाद केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार तथा जम्मू पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लखनपुर से सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कल देर रात एक भल्ले बेचने वाले को जासूसी करने में तथा संवेदनशील जानकारी पाकिस्तानी ISI को भेजने के आरोप में दबोच लिया गया है।

इस मामले में पुलिस अधिकारी तथा अन्य अधिकारी किसी भी प्रकार से जानकारी देने में असमर्थ रहे हैं या आनाकानी करते रहे हैं, लेकिन अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहले से ही हनी ट्रैप के मामले में फंसे हुए ड्राईवर व कंडक्टर से जब सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूछताछ की गई तो उन्होंने इस भल्ले बेचने वाले के बारे में जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को दी जिसके उपरान्त एजेंसियों द्वारा उसे दबोच लिया गया है। 

उल्लेखनीय है कि लखनपुर में बसों के पीछे भाग-भाग कर भल्ले बेचने वाला यह 52 वर्षीय व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए एक महिला के संपर्क में आया जो खुद को अखनूर का रहने वाली बताती थी तथा एक प्राइवेट बैंक में काम करने की बात बताती थी। महिला द्वारा यह भी बताया जाता था कि उसके पति की मौत हो चुकी है यह भी पता चला है कि यह महिला अपना चेहरा नहीं दिखाती थी जांच में यह भी पता चला है कि उक्त महिला वी.पी.एन. के जरिये इस भल्ले वाले के संपर्क में थी तथा स्वयं को अखनूर का रहने वाली बताती थी।

सूत्रों के अनुसार उस महिला के कहने पर यह भल्ले वाला लखनपुर तथा आसपास के इलाकों में स्थित आर्मी तथा अर्ध सैनिक बलों के कैम्पों की सूचना उसे भेजता था इसके अलावा लखनपुर से निकलने वाली आर्मी की गाड़ियों तथा काफिलों की फोटोग्राफी करके भी उसे भेजता था बहरहाल सुरक्षा एजेंसियों द्वारा इस भल्ले वाले को दबोच लिया गया है व उससे पूछताछ की जा रही है उसका फोन भी जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेज दिया गया है जहां पर डाटा निकाल कर यह पता लगाया जा रहा है कि किस प्रकार की जानकारी इस भल्ले वाले के द्वारा पकिस्तान भेजी गई है।

इस पूरे प्रकरण ने जिले में फैल रहे हनी ट्रैप के जाल को भी एक तरह से बेनकाब कर दिया है। ड्राईवर कंडक्टर के उपरान्त एक दही भल्ले वाले के पकडे़ जाने के उपरान्त सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर हनी ट्रैप की यह कड़ी आगे कहां तक जुड़ी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News