Maa Vaishno Devi: नवरात्रि पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, भक्तों के लिए प्रशासन ने किए खास इंतजाम

Friday, Mar 20, 2026-11:08 AM (IST)

कटड़ा  (अमित) :  कहते हैं कि नवरात्रों के दौरान मां भगवती के दरबार में नमन करने से विशेष आशीर्वाद मिलता है। इसी आस्था को लेकर वीरवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन के लिए पहुंचे। पंजीकरण कक्ष से मिले आंकड़ों के अनुसार वीरवार को पहले चैत्र नवरात्रि पर 31690 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
वैष्णो देवी भवन पर रंग-बिरंगे देशी व विदेशी फूलों से की गई सजावट भक्तों को आकर्षित कर रही है।

बोर्ड प्रशासन द्वारा समूचे यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। वैष्णो देवी भवन सहित यात्रा मार्ग पर बने भोजनालय में फलाहार आदि की भी व्यवस्था की गई है।

बारिश के बीच जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे श्रद्धालु

चैत्र नवरात्रि के पहले दिन वीरवार की सुबह से ही माता वैष्णो देवी मंदिर में माथा टेकने वालों का तांता मां वैष्णो देवी भवन के प्रवेश द्वार दक्षिणी ड्योढ़ी पर देखने को मिला। हालांकि सुबह से ही कटड़ा सहित भवन क्षेत्र में हल्की बारिश जारी रही, लेकिन इससे भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई।

श्रद्धालु बारिश के बीच भी “जय माता दी” के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते नजर आए। वहीं खराब मौसम का असर कुछ समय के लिए हैलीकॉप्टर सेवा पर देखने को मिला जोकि रुक-रुक कर बहाल रही। प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि सभी भक्त सुचारू रूप से दर्शन कर सकें।

उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने वैष्णो देवी भवन पर किया नमन

चैत्र नवरात्रि के अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में नमन किया। पवित्र गुफा में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उप-राज्यपाल ने समस्त देशवासियों और केंद्र शासित प्रदेश के नागरिकों के लिए सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News