Maa Vaishno Devi: सिर्फ 3 दिनों में उमड़ा आस्था का सैलाब, आंकड़ा जानकर रह जाएंगे हैरान!
Sunday, Mar 22, 2026-02:53 PM (IST)
कटड़ा (अमित) : चैत्र नवरात्रों के तीसरे दिन (शनिवार को) मां वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। आंकड़े बताते हैं कि 3 नवरात्रों के दौरान 1,06,742 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया है। शनिवार को मौसम में भी सुधार देखने को मिला जिसके चलते श्रद्धालुओं ने कटड़ा से सांझीछत के बीच चलने वाली हैलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठाया। वहीं भक्त वैष्णो देवी से भैरव घाटी के बीच चलने वाली रोपवे सेवा का भी लाभ उठाते नजर आए।
पंजीकरण कक्ष से मिले आंकड़ों के अनुसार पहले नवरात्रे पर 31,690 जबकि दूसरे नवरात्रे पर 34,452 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं शनिवार को तीसरे नवरात्रे पर 4.30 बजे तक 40,600 श्रद्धालुओं ने कटड़ा स्थित यात्रा पंजीकरण कक्ष पर आर.एफ.आई.डी. कार्ड हासिल कर वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान कर लिया था।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
