Jammu: बहुमंजिला इमारत की पानी की टंकी से मिला अज्ञात शव, इलाके में सनसनी
Sunday, Jul 26, 2026-03:56 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर) : जम्मू जिले के चन्नी हिम्मत थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन इलाके में रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। एक बहुमंजिला इमारत की पानी की टंकी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से लगातार बारिश के बाद रविवार को मौसम साफ होने पर लोगों को पानी की टंकी से दुर्गंध आने का एहसास हुआ। जांच करने पर टंकी के अंदर एक शव मिला, जिसकी सूचना तुरंत चन्नी हिम्मत थाना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को टंकी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण बुरी तरह गल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि शव किसी स्थानीय युवक का हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी), बख्शी नगर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतक की पहचान तथा शव पानी की टंकी तक कैसे पहुंचा, इस संबंध में सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
