Jammu पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा वार! 150 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों की हेरोइन जब्त
Thursday, Jul 03, 2025-08:00 PM (IST)

जम्मू (तनवीर सिंह): जम्मू जिले में नशे के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत जम्मू पुलिस ने वर्ष 2025 की पहली छमाही में कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। 1 जनवरी से 30 जून 2025 तक पुलिस ने 107 एफआईआर दर्ज कीं और 150 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें से 122 गिरफ्तारियाँ केवल हेरोइन (चिट्टा) से जुड़े मामलों में हुई। पुलिस ने 1 किलो 208 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा, नशा तस्करी में इस्तेमाल हो रही 37 गाड़ियाँ भी जब्त की गईं।
पुलिस ने 7 आदतन नशा तस्करों को सख्त कार्रवाई करते हुए PIT NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। नशा तस्करी से जुड़ी 3 संपत्तियाँ (रिहायशी और व्यावसायिक) जब्त की गईं, जिनकी कुल कीमत ₹85,70,285/- आंकी गई है।
जनता को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस ने 420 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें स्कूलों और कॉलेजों में डिबेट, 59 पुलिस-पब्लिक मीटिंग्स (PCPG), 60 थाना दिवस कार्यक्रम और कई एंटी-ड्रग रैलियां शामिल थीं।
जम्मू पुलिस द्वारा संचालित डि-एडिक्शन सेंटर "चन्नी, जम्मू" में वर्ष 2025 में अब तक 725 मरीजों ने ओपीडी में इलाज कराया, जबकि 156 मरीजों को आईपीडी में भर्ती कर उपचार दिया गया। 2024 में चन्नी इलाके में एक नया, आधुनिक और बड़ा पुलिस डि-एडिक्शन सेंटर शुरू किया गया था। 2013 से 2024 के अंत तक इस केंद्र में कुल 16,645 मरीजों ने ओपीडी में और 725 मरीजों ने आईपीडी में इलाज प्राप्त किया।
जम्मू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें नशा बेचने या इस्तेमाल करने से संबंधित कोई जानकारी मिले तो तुरंत 100 या 112 नंबर पर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जम्मू पुलिस का यह अभियान नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश है, और आने वाले समय में इसे और अधिक तेज़ किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here