Alert! Jammu Police का Action मोड, Loudspeaker से दुकानदारों को दी चेतावनी
Tuesday, Aug 18, 2026-04:16 PM (IST)
अखनूर(रोहित मिश्रा): परगवाल बॉर्डर क्षेत्र में गट्टू डोर यानी चीनी मांझे की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। पुलिस की ओर से बाजार में लाउडस्पीकर के माध्यम से दुकानदारों को जागरूक करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि कोई भी दुकानदार गट्टू डोर बेचता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि चंद पैसों के मुनाफे के लिए किसी की जिंदगी को खतरे में डालना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गट्टू डोर बेहद खतरनाक साबित हो सकती है और इसकी चपेट में आने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पक्षियों और पशुओं के जीवन पर भी गंभीर खतरा बना रहता है।
पुलिस ने लोगों और दुकानदारों से अपील की कि वे इस जानलेवा डोर की खरीद-बिक्री से पूरी तरह दूर रहें। अभिभावकों से भी आग्रह किया गया कि वे बच्चों को गट्टू डोर का इस्तेमाल न करने दें।
पुलिस ने दो टूक कहा कि गट्टू डोर की बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि किसी दुकान या क्षेत्र में प्रतिबंधित डोर की बिक्री की सूचना मिलती है तो पुलिस को तत्काल सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी संभावित हादसे को रोका जा सके। परगवाल पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और गट्टू डोर से होने वाले हादसों पर प्रभावी रोक लगाना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
