Jammu Kashmir में आज के लिए Yellow Alert जारी, मौसम विभाग ने जारी की Advisory
Saturday, Nov 14, 2026-12:46 PM (IST)
जम्मू(रोशनी): जम्मू-कश्मीर में आज मौसम का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग श्रीनगर ने आज दोपहर बाद कई जगहों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
मौसम के बिगड़ने से सबसे ज्यादा चिंता किसानों को सता रही है। इस समय बासमती धान की कटाई का काम जोरों पर चल रहा है। बीती रात हुई हल्की बारिश के बाद किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। किसान अपनी कटी हुई फसल को बारिश से बचाने के लिए वाहनों और ट्रालियों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगे हुए हैं। कई किसान खेतों में ही कटी फसल से धान के दाने निकालने में लगे हैं, लेकिन बारिश के कारण फसल गीली हो चुकी है, जिससे दाने निकालना मुश्किल हो गया है। किसानों को डर है कि कहीं बची हुई फसल भी खराब न हो जाए। इसलिए वे फसल को सुरक्षित स्थानों पर स्टोर कर रहे हैं, ताकि आने वाले दिनों में धूप लगने पर उससे धान के दाने निकाले जा सकें।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे 15 नवम्बर से अपने खेतों के काम दोबारा शुरू करें और तब तक कटी फसल को सुरक्षित स्थानों पर स्टोर करके रखें। मौसम विभाग के अनुसार आज आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद कई जगहों पर हल्की बारिश व ऊंचाई पर हल्की बर्फबारी की संभावना है, कुछ जगहों पर गरज के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 15 से 21 नवम्बर तक आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि 20-21 नवम्बर को बादल छा सकते हैं। वहीं 22 से 25 नवम्बर तक भी आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 15 नवम्बर के बाद मौसम में सुधार होगा, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
