Jammu Kashmir में 2030 तक 500 MW Solar Energy का लक्ष्य, CM उमर अब्दुल्ला ने जारी किए निर्देश

Thursday, Nov 26, 2026-12:03 PM (IST)

जम्मू(सतीश): मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार पर जोर देते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को सभी महत्वपूर्ण परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के साथ पवन ऊर्जा सहित अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की संभावनाएं भी तलाशने की जरूरत है, ताकि प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को सिविल सचिवालय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं और संस्थागत गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 9,025 सरकारी भवनों को सौर ऊर्जा से जोड़ा गया है, जिनकी कुल क्षमता 96.10 मेगावाट है।

मुख्यमंत्री ने शेष सरकारी भवनों में भी सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का काम तेजी से पूरा करने को कहा। सरकार ने वर्ष 2030 तक 500 मेगावाट सौर ऊर्जा, 100 मेगावाट लघु जलविद्युत तथा पवन ऊर्जा, हाइड्रोजन, बायोमास और बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों के माध्यम से 5 मेगावाट क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने सभी 20 जिलों में मॉडल सोलर विलेज योजना को तेजी से लागू करने तथा जलाशयों में सौर ऊर्जा उत्पादन की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए। उन्होंने हंदवाड़ा में औद्योगिक जैव प्रौद्योगिकी पार्क, श्रीनगर के राजबाग में उप-क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र और विज्ञान नवाचार प्रसार केंद्र तथा सांबा के पटयारी क्लस्टर में 240 किलोवाट क्षमता वाली सौर कृषि सिंचाई परियोजना को जल्द पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में 135.15 मेगावाट क्षमता की 62 लघु जलविद्युत परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने इनके लिए वन मंजूरी और अन्य अनापत्ति प्रमाण-पत्र समय पर हासिल करने के निर्देश दिए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News