Jammu Kashmir के सभी स्कूलों की किताबों की होगी जांच, गड़बड़ मिली तो होगा Action

Wednesday, Jul 08, 2026-01:07 PM (IST)

जम्मू(विक्की): जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सरकारी, निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में उपलब्ध सभी पुस्तकों की व्यापक समीक्षा कराने के निर्देश जारी किए हैं। निदेशक स्कूल शिक्षा जम्मू द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार सभी संस्थानों के प्रमुखों (एच.ओ.आई.) को अपने संस्थानों में उपलब्ध नई और पुरानी सभी पुस्तकों की जांच करने के लिए कहा गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनमें किसी प्रकार की आपत्तिजनक, अनुचित अथवा विद्यार्थियों के लिए अनुपयुक्त सामग्री न हो।

सर्कुलर के अनुसार स्कूल परिसर के प्रत्येक हिस्से पुस्तकालय, कक्षाएं, स्टाफ रूम और कार्यालय में उपलब्ध पुस्तकों की समीक्षा की जाएगी। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि पुस्तकों की सामग्री राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एन.ई.पी.)-2020 के उद्देश्यों, प्रचलित कानूनों, शैक्षिक मूल्यों और आयु के अनुरूप दिशा-निर्देशों के अनुरूप हो। यदि किसी पुस्तक में आपत्तिजनक सामग्री मिलती है तो संस्थान प्रमुख को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी होगी, जिसमें पुस्तक का नाम, लेखक, प्रकाशक और संबंधित पुस्तकों की संख्या का उल्लेख करना अनिवार्य होगा।

किसी भी पुस्तक में आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर संलग्न करनी होगी रिपोर्ट

सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों व कोचिंग संस्थानों को संबंधित जोनल शिक्षा अधिकारी (जेड.ई.ओ) को अनुपालन प्रमाण-पत्र भी सौंपना होगा। इसमें प्रमाणित करना होगा कि संस्थान परिसर में उपलब्ध सभी पुस्तकों की पूरी तरह समीक्षा कर ली गई है, समुचित सत्यापन के बाद कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं पाई गई है तथा पुस्तकालय की पुस्तकें राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हैं। यदि किसी पुस्तक में आपत्तिजनक सामग्री मिलती है तो उसके साथ विस्तृत रिपोर्ट भी संलग्न करनी होगी।

संस्थान प्रमुख 13 तक अपनी रिपोर्ट संबंधित जेड.ई.ओ. को सौंपेंगे

सर्कुलर के अनुसार संस्थान प्रमुख 13 जुलाई 2026 तक अपनी रिपोर्ट संबंधित जेड.ई.ओ. को सौंपेंगे। इसके बाद जेड.ई.ओ. 15 जुलाई तक समेकित रिपोर्ट संबंधित मुख्य शिक्षा अधिकारी (सी.ई.ओ) को भेजेंगे, जबकि जम्मू संभाग के सभी सी.ई.ओ. 17 जुलाई तक काउंटर-साइन किए गए प्रमाणपत्रों एवं समेकित रिपोर्ट को स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू में जमा कराएंगे।

किसी भी प्रकार की लापरवाही पर की जाएगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि मुख्य शिक्षा अधिकारी पूरी प्रक्रिया की व्यक्तिगत निगरानी करेंगे। वहीं, संयुक्त निदेशक (जे.एस.के) रेंज और संयुक्त निदेशक (ई.ई) की समिति सभी जिलों से प्राप्त प्रमाण-पत्रों एवं रिपोर्टों का संकलन कर अंतिम समेकित रिपोर्ट निदेशक स्कूल शिक्षा जम्मू को सौंपेगी। सर्कुलर में चेतावनी दी गई है कि इन निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारी के विरुद्ध लागू नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News