Jammu Kashmir : शिक्षा विभाग ने सभी Colleges को जारी किए निर्देश
Thursday, Jun 11, 2026-10:37 AM (IST)
जम्मू(विक्की): सरकारी डिग्री कॉलेजों में विद्यार्थियों को पहचान पत्र (आई-कार्ड) जारी करने को लेकर कुछ छात्रों द्वारा देरी की शिकायतें सामने आने के बीच निदेशक कॉलेज शिक्षा ने स्पष्ट किया है कि सभी कॉलेजों को प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद विद्यार्थियों को आई-कार्ड जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों का कहना है कि कई बार उन्हें आई-कार्ड प्राप्त करने के लिए अपेक्षा से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे कुछ शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में असुविधा होती है। छात्रों का मानना है कि सत्र के शुरुआती चरण में ही पहचान पत्र उपलब्ध होने चाहिए, ताकि वे संस्थान की विभिन्न सुविधाओं का सुचारु रूप से लाभ उठा सकें।
इस संबंध में पूछे जाने पर निदेशक कॉलेज शिक्षा ने कहा कि सभी कॉलेज प्राचार्यों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रवेश के तुरंत बाद विद्यार्थियों को पहचान पत्र जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र तक आई-कार्ड पहुंचाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि पहचान पत्र विद्यार्थियों की पहचान, सुरक्षा तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उनका कहना है कि समय पर आई-कार्ड उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को संस्थान की सुविधाओं का लाभ उठाने में आसानी होती है।
बिना पहचान पत्र किसी भी छात्र को कॉलेज परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं
उन्होंने कहा कि बिना पहचान पत्र किसी भी छात्र को कॉलेज परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने सभी कॉलेजों को पहचान पत्र वितरण प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने और विद्यार्थियों को समय पर आई-कार्ड उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निदेशक कॉलेज शिक्षा के बयान के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि सभी कॉलेजों में आई-कार्ड वितरण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा व विद्यार्थियों को प्रवेश के तुरंत बाद पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
