धार्मिक स्थल को निशाना बनाने को कोशिश? मंदिर में घुसकर मूर्तियों से छेड़छाड़ का प्रयास, एक हिरासत में

Tuesday, Jun 09, 2026-10:48 AM (IST)

आर.एस. पुरा(मुकेश): मीरां साहिब क्षेत्र के रत्तियां नहर गांव स्थित एक मंदिर में शरारती तत्व द्वारा मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ और उन्हें नुकसान पहुंचाने के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में घुसकर मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ की और उन्हें क्षति पहुंचाने का प्रयास किया। सुबह जब स्थानीय लोगों को घटना का पता चला तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी शरारती तत्व की सोची-समझी साजिश हो सकती है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल को खराब करना है। उन्होंने कहा कि मंदिर के प्रति लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News