J&K के आकिब नबी की Team India में Entry, घायल Jasprit Bumrah की जगह Test Squad में शामिल

Tuesday, Aug 04, 2026-11:04 AM (IST)

बारामूला(रिजवान मीर): जम्मू-कश्मीर के तेज़ गेंदबाज़ आकिब नबी के भारतीय टेस्ट टीम में चयन के बाद बारामूला सहित पूरे जम्मू-कश्मीर में खुशी और गर्व का माहौल है। आकिब नबी को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए चोटिल जसप्रीत बुमराह के स्थान पर भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

29 वर्षीय आकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। यदि उन्हें टेस्ट पदार्पण का अवसर मिलता है तो वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के पहले क्रिकेटर बन जाएंगे। उनकी इस उपलब्धि को लेकर बारामूला के लोगों ने जश्न मनाया और इसे पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण बताया।

आकिब नबी की सफलता का सफर संघर्ष और मेहनत से भरा रहा है। अंडर-19 ट्रायल्स के दौरान उनके पास गेंदबाजी के स्पाइक्स तक नहीं थे और उन्हें अपने एक दोस्त से स्पाइक्स उधार लेने पड़े थे। आज वही खिलाड़ी भारतीय टेस्ट टीम तक पहुंच गया है।

घरेलू क्रिकेट में आकिब नबी का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीज़नों में उन्होंने 104 विकेट हासिल किए। 2025-26 रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। हाल ही में भारत ‘ए’ टीम के श्रीलंका दौरे पर भी उन्होंने दो चार दिवसीय मैचों में छह विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

रणजी ट्रॉफी में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे आकिब ने पिछले सीज़न में 7 बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया। फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ 5 विकेट, सेमीफाइनल में बंगाल के खिलाफ मैच में 9 विकेट और क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ 12 विकेट लेकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफ़ान पठान ने कहा कि आकिब नबी ने अपने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर यह अवसर पूरी तरह अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका की परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के लिए मददगार रहती हैं और उन्हें विश्वास है कि आकिब को मौका मिलने पर वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भारतीय टीम में मौका दिए जाने का भी स्वागत किया।

इरफ़ान पठान ने कहा कि आकिब की सबसे बड़ी ताकत उनकी सटीक सीम पोज़िशन, अनुशासित गेंदबाजी और लंबे स्पेल डालने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि आकिब की गेंद पिच पर पड़ने के बाद देर से मूव करती है, जिससे बल्लेबाज़ों के लिए उन्हें खेलना मुश्किल हो जाता है।

वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर परवेज़ रसूल ने भी आकिब नबी को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत और प्रतिभा का फल अवश्य मिलता है तथा यह चयन पूरी तरह उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है।

बारामूला के लोगों ने आकिब नबी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने पूरे जिले और जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन किया है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और अधिक से अधिक युवा क्रिकेट तथा अन्य खेलों में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित होंगे।

स्थानीय निवासियों ने आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम में चयन पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल और यादगार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की कामना की।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News