J&K : पुलिस  हिरासत में हरियाणा के युवक की मौत, पेट दर्द की शिकायत के बाद तोड़ा दम

Monday, Mar 30, 2026-12:28 AM (IST)

जम्मू,  (तनवीर) : नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और वसूली करने वाले गिरोह के मामले में गिरफ्तार किए गए हरियाणा के एक युवक की रविवार को पुलिस हिरासत में मौत हो गई। युवक ने कथित तौर पर तेज पेट दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, इस घटना की जांच के लिए इनक्वेस्ट (मौत की प्रारंभिक जांच) शुरू कर दी गई है और जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट से मजिस्ट्रियल जांच कराने का अनुरोध किया गया है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को पुलिस ने नौकरी के नाम पर ठगी और वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान 34 लाख रुपये बरामद किए गए थे और कोलकाता के एक होटल से दो पीड़ितों को छुड़ाया गया था। जम्मू सिटी साउथ के एसपी अजय शर्मा ने बताया कि यह गिरोह युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उन्हें बंधक बना लेता था और उनके परिवारों से पैसे वसूलता था।

मृतक की पहचान परवीन कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा के पानीपत का रहने वाला था। उसे जम्मू के गांधी नगर थाने में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया था। 25 मार्च को कोलकाता से जम्मू लाने के बाद वह पुलिस रिमांड पर था। 

फिलहाल, पोस्टमार्टम जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जा रहा है। मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है और पोस्टमार्टम उनकी मौजूदगी में कार्यकारी मजिस्ट्रेट की निगरानी में किया जाएगा। पुलिस ने यह भी बताया कि मामले से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत सुरक्षित रखे जा रहे हैं, ताकि जांच में किसी तरह की कमी न रहे।


Content Editor

Subhash Kapoor

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News