J&K : बारिश के बीच धीमी पड़ी वाहनों की रफ्तार, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
Tuesday, Aug 18, 2026-08:54 PM (IST)
जम्मू : जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। 17 अगस्त शाम 4 बजे से 18 अगस्त शाम 4 बजे तक NH-44 पर कई जगह ट्रैफिक काफी धीमा रहा। उधमपुर के डावल में सिंगल लेन और ऊबड़-खाबड़ सड़क के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, मारोग और किश्तवाड़ी पाथेर के बीच सिंगल लेन stretch तथा चेनानी में एक वाहन खराब होने से भी ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा शुरू करने से पहले सड़क की स्थिति की पुष्टि करने की अपील की है। यात्रियों को TCU श्रीनगर, रामबन और जम्मू से रोड स्टेटस की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
रात में जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सफर से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और LMV चालकों को जम्मू-श्रीनगर NH-44 पर दिन के समय यात्रा करने की सलाह दी है। रात में पत्थर गिरने, लैंडस्लाइड और रामबन-बनिहाल के बीच चल रहे निर्माण कार्य के कारण परेशानी हो सकती है।
वाहन चालकों को रामबन-बनिहाल के बीच लैंडस्लाइड और शूटिंग स्टोन वाले क्षेत्रों के पास अनावश्यक रूप से वाहन रोकने से भी बचने को कहा गया है। HMV चालकों को ओवरलोडिंग न करने, पर्याप्त ईंधन रखने और यात्रा से पहले वाहन की फिटनेस जांचने की सलाह दी गई है।
19 अगस्त के लिए ट्रैफिक प्लान
जम्मू-श्रीनगर NH-44 पर मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने पर दोनों दिशाओं में LMV, यात्री वाहन, निजी कार और मालवाहक वाहनों को चलने की अनुमति होगी। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से लेन अनुशासन बनाए रखने और गलत लेन में ड्राइविंग व ओवरटेकिंग से बचने को कहा है।
किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग NH-244 पर मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने तथा NHIDCL से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद LMV और निजी कारों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। पराना से अनंतनाग की ओर वाहनों की आवाजाही सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक और डक्सुम से किश्तवाड़ की ओर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी।
SSG रोड और मुगल रोड के लिए भी एडवाइजरी
श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी रोड पर मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने पर LMV को दोनों तरफ से आवाजाही की अनुमति होगी। सोनमर्ग से कारगिल और मिनामर्ग से श्रीनगर की ओर वाहनों को सड़क रखरखाव एजेंसियों से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद दोपहर 1 बजे तक चलने की अनुमति होगी। HMV सोनमर्ग से कारगिल की ओर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चल सकेंगे। इसके बाद किसी वाहन को अनुमति नहीं होगी।
मुगल रोड (NH-701A) पर मौसम और सड़क की स्थिति बेहतर रहने तथा GREF से मंजूरी मिलने के बाद LMV और अधिकतम 10 टायर वाले HMV को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। वाहनों को बफलियाज के चंदिमार्ग से शोपियां और शोपियां के हरपोरा से पुंछ की ओर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलने की अनुमति होगी।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की अपील की है।
