J&K : उरी के मुख्य बाजार में अचानक मची हलचल, पुलिस ने चलाया ये बड़ा ऑपरेशन
Tuesday, Sep 22, 2026-06:23 PM (IST)
बारामूला (रिजवान मीर): बारामूला पुलिस ने आज अन्य सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों के समन्वय से उरी के मुख्य बाजार में आतंकी घटना से निपटने संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी सुरक्षा आपात स्थिति के दौरान तैयारियों और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र का जायजा लेना था।
मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, आपातकालीन प्रतिक्रिया, संचार एवं सूचना सांझा करने, लोगों की निकासी एवं बचाव प्रक्रिया, चिकित्सा सहायता तथा घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था का अभ्यास किया गया। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
अभ्यास के दौरान क्विक रिएक्शन टीमों (QRTs) सहित अन्य प्रतिक्रिया दलों की कार्यप्रणाली और आपसी समन्वय का भी जायजा लिया गया।
इस मॉक ड्रिल के माध्यम से मौजूदा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था में संभावित कमियों की पहचान करने तथा पुलिस, सुरक्षा बलों, चिकित्सा टीमों, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत करने का अवसर मिला।
बारामूला पुलिस ने दोहराया कि वह मजबूत आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र बनाए रखने तथा आम जनता की सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

