J&K: देश-विरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई, पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर की संपत्ति कुर्क

Tuesday, Feb 24, 2026-07:10 PM (IST)

कठुआ (लोकेश): आतंकवाद और देश-विरोधी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कठुआ पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर स्वार दीन उर्फ स्वारू की संपत्ति अटैच कर दी है। यह कार्रवाई बिलावर क्षेत्र के भटोड़ी गांव में की गई, जिसे अदालत के आदेश पर अमल में लाया गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एफआईआर नंबर 142/2024, थाना बिलावर में दर्ज मामले के तहत की गई है। आरोपी पर बीएनएस, यूएपीए एक्ट और ईआईएमसीओ एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है। अटैच की गई संपत्ति करीब 7.5 मरला जमीन की है, जो लोहाई मल्हार तहसील, जिला कठुआ में स्थित है।

पुलिस ने बताया कि स्वार दीन पुत्र अमी दीन, निवासी भटोड़ी, पहले ही भारत से भागकर पाकिस्तान/पीओजेके चला गया था और वहीं से आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा है। आरोपी लंबे समय से कानून से बच रहा था, जिसके चलते अदालत ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था। गिरफ्तारी संभव न होने पर अदालत ने उसकी संपत्ति अटैच करने के आदेश दिए।

एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा (आईपीएस) की निगरानी में यह कार्रवाई एसएचओ बिलावर इंस्पेक्टर जहीर मुश्ताक ने एसपी ऑप्स अपर कठुआ आमिर इकबाल और एसडीपीओ बिलावर नीरज पडियार के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग के सहयोग से पूरी की।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह कदम आतंकी नेटवर्क की आर्थिक और लॉजिस्टिक कमर तोड़ने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है। कठुआ पुलिस ने दोहराया कि देश की सुरक्षा के खिलाफ काम करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News