J&K : बसोहली में आग से दहला इलाका, मौके पर पहुंची 112 टीम और फायर ब्रिगेड

Saturday, May 23, 2026-10:55 PM (IST)

बसोहली (सुशील सिंह): बसोहली बारला चौगान में शनिवार देर शाम झाड़ियों में अचानक आग लग गई, जिससे आसपास में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग तेजी से फैलती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड तथा डायल 112 (ई.आर.एस.एस) पुलिस टीम को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और 112 में तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना करते हुए लोगों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति जंगलों में आग न लगाए। लोगों का कहना है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है और पर्यावरण के साथ-साथ लोगों की जान-माल को भी खतरा पैदा हो सकता है। आग लगने से पेड़-पौधों के साथ-साथ कई बेजुबान जीव-जंतु भी इसकी चपेट में आकर जान गंवा देते हैं।

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि गर्मियों के मौसम में सूखी झाड़ियों में आग तेजी से फैलती है, इसलिए सभी को सतर्क रहने और ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है। लोगों ने बसोहली के विधायक ठाकुर दर्शन सिंह का भी आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि उनके प्रयासों से ही बसोहली क्षेत्र को फायर ब्रिगेड की गाड़ी मिली है। यदि समय पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी और टीम मौके पर नहीं पहुंचती तो आग से बड़ा नुकसान हो सकता था। लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।


Content Editor

Subhash Kapoor

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News