Jammu : बदलते मौसम में बढ़ी बीमारियां, Health Department ने जारी की Advisory

Wednesday, Sep 23, 2026-12:05 PM (IST)

अखनूर/परगवाल(रोहित मिश्रा): मौसम के बदलते मिजाज के साथ लोगों की सेहत पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच परगवाल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश, बुखार और शरीर में दर्द जैसी शिकायतों के साथ मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार बदलते मौसम में वायरल संक्रमण और फ्लू जैसी समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परगवाल की डॉक्टर प्रिंका भगत ने लोगों को मौसम में बदलाव के दौरान स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि फ्लू अथवा वायरल संक्रमण में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, बदन दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मरीजों में लक्षण अधिक गंभीर भी हो सकते हैं, इसलिए लगातार तेज बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

डॉक्टर प्रिंका भगत ने लोगों से अपील की कि बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाइयों का सेवन न करें। पर्याप्त पानी पिएं, पौष्टिक भोजन लें, पूरी नींद लें और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें तथा बीमारी के लक्षण होने पर अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।

उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को मौसम में बदलाव के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। स्वास्थ्य संबंधी लक्षण लगातार बने रहने या स्थिति बिगड़ने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि सावधानी और समय पर उपचार ही मौसमी संक्रमण से बचाव का सबसे बेहतर तरीका है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News