सरकारी कर्मचारी पर मामला दर्ज, इस अपराध में दर्ज हुई FIR
Thursday, Jul 03, 2025-06:45 PM (IST)

जम्मू/श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर पुलिस की अपराध शाखा ने एक सरकारी कर्मचारी के खिलाफ जाली शैक्षणिक प्रमाण पत्र का उपयोग कर जम्मू-कश्मीर सचिवालय में नौकरी हासिल करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान इमरान नजीर निवासी थन्नामंडी के तौर पर की गई है जिसे अनुसूचित जनजाति (एस.टी.) श्रेणी के तहत जम्मू-कश्मीर सचिवालय अधीनस्थ सेवा में कनिष्ठ सहायक के रूप में नियुक्त किया गया था। उसकी नियुक्ति जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जे.के.एस.एस.बी.) की सिफारिश के बाद 24 जून 2022 के सरकारी आदेश संख्या 762-जे.के. (जी.ए.डी.) 2022 के माध्यम से हुई थी तथा वह 27 जून 2022 को आधिकारिक रूप से सामान्य प्रशासन विभाग में शामिल हो गया था।
ये भी पढ़ेंः Top- 6 : जम्मू-कश्मीर में बारिश का Alert तो वहीं अधिकारियों के हुए तबादले, पढ़ें...
हालांकि सामान्य प्रशासन विभाग (जी.ए.डी.) द्वारा हासिल एक लिखित संचार के आधार पर अपराध शाखा ने एक जांच शुरू की तथा बाद में इमरान नजीर को सूचना प्रौद्योगिकी में फर्जी स्नातक की डिग्री पेश करने के लिए मामला दर्ज किया। जाली प्रमाण पत्र कथित तौर पर कर्नाटक राज्य मुक्त विश्वविद्यालय मैसूर द्वारा जारी किया गया था। अधिकारियों ने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें आगे की कार्रवाई जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here