पुरानी रजिंश के चलते 2 परिवारों में खूनी झड़प, अस्पताल में भी एक-दूजे को किया लहूलुहान

3/18/2024 12:21:35 PM

मढ़: मढ़ के कारलूप गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 2 परिवारों के सदस्यों व उनके साथियों ने एक-दूसरे पर तेजधार हथियारों से धावा बोल दिया। झड़प में एक गुट के 4 और दूसरे गुट के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जी.एम.सी. जम्मू में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार गजनसू पुलिस चौकी के अंतर्गत कारलूप गांव में एक बार्बर की दुकान पर 2 गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हो गया। जिसमें दोनों गुट बुरी तरह से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें :  Border पर पाकिस्तानी झंडे के साथ मिला गुब्बारा, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

प्रीतम लाल द्वारा पुलिस में दी शिकायत में बताया गया कि रविवार की सुबह उनका बेटा कारलूप में स्थित एक बार्बर की दुकान पर बाल कटवाने गया था। इस दौरान कारलूप के रहने वाले 3 युवकों अमित भगत, रोहित भगत, संजय भगत ने दुकान में आकर नाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां पर मौजूद उनका बेटा लविश रैना ने बीच बचाव करने की कोशिश की। इसके बाद तीनों ने लविश रैना के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद लविश ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों परिवारों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान लाठियां और तेजधार हथियार भी चले। इस दौरान लविश रैना, हरीश रैना, रजत रैना, प्रीतम लाल घायल हो गए। वहीं दूसरी ओर बीच बचाव के लिए आए जोगिंदर पॉल, शीलो देवी, राम प्यारी, गौरव, बिशन दास, मदन लाल भी घायल हो गए। जिसके बाद प्रीतम लाल सभी घायलों को लेकर गजनसू पुलिस चौकी पहुंचे। वहीं पुलिस ने उपचार के लिए दो पुलिस कर्मचारियों के साथ उन्हें उपजिला अस्पताल मढ़ में भेजा।

यह भी पढ़ें :  Jammu News : फंदे में फंसने से 2 तेंदुओं की मौ'त

अस्पताल में उपचार करवाने गए दोनों गुट फिर भिड़े

पुलिस ने बताया कि अस्पताल में उपचार के लिए जब प्रीतम लाल और उनके परिजनों को लाया गया तो इस दौरान अस्पताल में उपचार के लिए पहले से ही मौजूद दूसरा गुट वहां पर 2 दर्जन अन्य लोगों के साथ मौजूद था। प्रीतम लाल और उनके परिजनों के आते ही इन दो दर्जन युवकों ने प्रीतम लाल और उनके परिजनों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इससे मढ़ अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और दोनों गुट लहूलुहान हो गए। जानकारी मिलते ही दोमाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में दोनों गुटों को जी.एम.सी. अस्पताल लाया गया। यहां पर सभी का उपचार चल रहा है। इस खूनी संघर्ष में दो महिलाओं सहित कुल 10 लोग घायल हुए हैं। गजनसू चौकी प्रभारी आदर्श ठाकुर ने बताया कि दोनों गुटों में पुरानी रंजिश थी। कुछ देर पहले ही पुराना केस खत्म हुआ है। पुलिस ने घायल व्यक्तियों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News