अब... Jammu में भी मिलेगा कश्मीर जैसा एहसास! तवी रिवर फ्रंट पर शुरू हुई खास सवारी, पढ़ें...
Friday, Jul 03, 2026-05:05 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर ) : जम्मू नगर निगम के आयुक्त एवं जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Dr. Devansh Yadav ने शुक्रवार को तवी रिवर फ्रंट पर शिकारा राइड का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य तवी रिवर फ्रंट को पर्यटन और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनाना तथा स्थानीय लोगों के साथ-साथ श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को एक नया अनुभव प्रदान करना है।
शिकारा राइड की शुरुआत के अवसर पर Dr. Devansh Yadav ने कहा कि जम्मू स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकसित तवी रिवर फ्रंट शहर की पहचान बन रहा है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि शिकारा राइड के संचालन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। लाइफ जैकेट, प्रशिक्षित चालक और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है ताकि लोग सुरक्षित और आनंददायक नौकायन का अनुभव ले सकें।
गौरतलब है कि हाल ही में तवी रिवर फ्रंट पर नौकायन गतिविधियों की शुरुआत की गई है और अब शिकारा राइड शुरू होने से यह स्थल स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों तथा श्री अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए एक नया आकर्षण बनकर उभरेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
