अमरनाथ यात्रियों को Jammu रेलवे स्टेशन पर मिलेंगी कई सुविधाएं, पढ़ें पूरी खबर
Thursday, Jul 03, 2025-03:32 PM (IST)

जम्मू : अमरनाथ यात्रा भारत की सबसे लोकप्रिय तीर्थ यात्राओं में शामिल है। यह यात्रा हर साल श्रावण मास (जुलाई-अगस्त) में शुरू होती है, और लगभग 45 दिन तक चलती है। हर साल की तरह इस साल 2025 में भी उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के संचालन में अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू रेलवे स्टेशन पर तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
यह अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई से शुरू हो गई है तथा जम्मू रेलवे स्टेशन इस यात्रा का महत्वपूर्ण बिंदु है। जिसके तहत रेलवे व राज्य प्रशासन ने मिलकर जम्मू रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के ठहरने के लिए एक विशेष होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां पर पंजीकरण काऊंटर स्थापित किए गए हैं, जिसमें तीर्थ यात्री अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। स्टेशन पर तीर्थ यात्रियों के लिए स्वास्थ्य जांच की भी सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। साथ ही यात्रा के संबंध में मार्गदर्शन और जानकारी प्रदान करने के लिए सहायता बूथ भी स्टेशन पर स्थापित किए गए हैं।
ये भी पढ़ेंः J&K: देश की इस बेटी ने हिमालय की चोटी पर फहराया तिरंगा, रचा नया इतिहास
अमरनाथ यात्रा के अंतर्गत तीर्थ यात्रियों के खान-पान का भी विशेष ध्यान रखा गया है तथा रेलवे स्टेशन पर तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा हेतु विशेष व अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगवाए गए हैं। अन्य राज्यों से आने वाली तीर्थ यात्रियों के लिए रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए वाणिज्य विभाग द्वारा अतिरिक्त आरक्षित व अनारक्षित टिकट काऊंटर भी खोले गए हैं तथा स्टेशन पर अनाऊंसमैंट सिस्टम द्वारा गाड़ियों के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है।
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल द्वारा तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं के लिए किए गए विशेष इंतजामों का समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here