J&K के इस जिला में मोटर वाहन विभाग (MVD) की एडवायजरी, इन बातों का रखना होगा ख्याल

Wednesday, Jul 29, 2026-02:50 PM (IST)

बारामूला ( रेजवान मीर ) :   जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर मोटर वाहन विभाग (MVD) बारामूला ने वाहन चालकों और यात्रियों के लिए सड़क सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने भूस्खलन, कीचड़, जलभराव और फिसलन भरी सड़कों की स्थिति को देखते हुए सभी से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।

MVD ने निजी और व्यावसायिक दोनों प्रकार के वाहन चालकों से यात्रा शुरू करने से पहले अपने वाहनों के ब्रेक और टायरों की अच्छी तरह जांच करने को कहा है। साथ ही फ्लैश फ्लड, जलभराव और अन्य मौसम संबंधी खतरों वाले क्षेत्रों से बचने तथा वाहन की गति नियंत्रित रखने की सलाह दी गई है, ताकि फिसलन के कारण दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

विभाग ने चालकों को कीचड़युक्त और फिसलन वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को संभावित पत्थर गिरने (शूटिंग स्टोन) और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

एमवीडी ने बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों के परिचालकों (कंडक्टरों) से भी संवेदनशील स्थानों पर वाहन चालकों का मार्गदर्शन करने को कहा है। इसके अलावा यात्री वाहनों के चालकों को ओवरलोडिंग से सख्ती से बचने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग ने यह भी कहा कि लगातार बारिश और जलभराव के कारण वाहनों की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। इसलिए हेडलाइट, हॉर्न, एक्सीलेरेटर, स्टीयरिंग तथा अन्य आवश्यक पुर्जों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।

MVD बारामूला ने सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से यातायात नियमों का पालन करने, प्रतिकूल मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।

PunjabKesari

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News