Rajouri के पंज पीर में सड़क पर गड्ढों का जाल, आखिर कब मिलेगी लोगों को राहत?
Sunday, Nov 01, 2026-03:27 PM (IST)
राजौरी (शिवम बक्शी) : जम्मू-राजौरी-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजौरी के समीप पंज पीर क्षेत्र में सड़क का एक हिस्सा लंबे समय से खस्ताहाल बना हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण एवं सुधार कार्य तेजी से जारी है, लेकिन पंज पीर के पास सड़क के इस हिस्से की हालत में अब तक सुधार नहीं हो पाया है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की जर्जर हालत के चलते रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। बारिश होने पर सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। जलभराव के कारण वाहन चालकों को सड़क से गुजरने में भी काफी परेशानी होती है।

इस संबंध में BRO के अधिकारी अमित कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित हिस्से में BSF की बाउंड्री वॉल को लेकर पहले कुछ समस्या थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि 28 नवंबर तक BSF की ओर से दीवार का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद सड़क के अगले हिस्से का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंज पीर वाले हिस्से में रक्षा विभाग की एक इमारत भी निर्माण कार्य में रुकावट बनी हुई है। इस समस्या को भी जल्द दूर कर वहां सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़े स्तर पर निर्माण कार्य चल रहा है तो इस क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में हो रही देरी से उन्हें रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने संबंधित विभाग और BRO से मांग की है कि सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू करवाया जाए, ताकि आवागमन सुगम हो सके और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
