अमरनाथ यात्रा का 17वां जत्था रवाना, बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा जम्मू

Saturday, Jul 19, 2025-05:39 PM (IST)

जम्मू : आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से शनिवार को तड़के श्रीअमरनाथ यात्रियों का 17वां जत्था बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच बाबा बर्फानी के जयकारे लगाते हुए दक्षिण कश्मीर के बालटाल और पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना हुआ। आज के जत्थे में 6,365 तीर्थयात्री शामिल थे जिसमें बालटाल के लिए 2,851 और पहलगाम के लिए 3,514 तीर्थयात्री थे। आज बालटाल के जत्थे में 1,807 पुरुष, 1,004 महिलाएं, 25 बच्चे और 15 साधु शामिल थे। वहीं पहलगाम के जत्थे में 2,883 पुरुष, 495 महिलाएं, 16 बच्चे, 93 साधु और 27 साध्वियां शामिल थीं। बालटाल के जत्थे में छोटे-बड़े 92 और पहलगाम के जत्थे में छोटो-बड़े 119 वाहन शामिल रहे, जो शाम को पहलगाम और बालटाल बेस कैंप पहुंच गए। जम्मू के यात्री निवास आधार शिविर भगवती नगर से सुबह 3.25 बजे पहले बालटाल के लिए तीर्थयात्रियों के वाहनों का काफिला भेजा गया और सुबह 3.53 बजे पहलगाम के लिए जत्थे को रवाना किया गया। जत्थे के आगे पैरा मिल्ट्री फोर्स के सुरक्षा वाहन चले।

वहीं बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए शिवभक्त जम्मू में रेल व सडक़ मार्ग से पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की मौके पर पंजीकरण के लिए काउंटरों पर भारी भीड़ निरंतर जुट रही है। निजी वाहनों से बाहरी राज्यों से आने वाले तीर्थयात्री भी अपना पंजीकरण कराकर सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार श्रीनगर के लिए रवाना हो रहे हैं। वहीं सरकार श्रद्धालुओं से बार-बार अपील कर रही है कि निजी वाहन वाले तीर्थयात्री भी यात्री निवास भगवती नगर से सुरक्षा के काफिले के साथ ही बालटाल व पहलगाम के लिए आगे बढ़ें।

तीर्थयात्रियों में अत्यधिक उत्साह

अधिकतर महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली आदि कई राज्यों से आए हजारों की संख्या में तीर्थयात्रियों में अमरनाथ यात्रा को लेकर खासा उत्साह पाया जा रहा है। शिवभक्त बम-बम भोले के भजन गाकर सारे वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं। भगवती नगर में पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए वे सदा ही ललायित रहते थे लेकिन कभी अमरनाथ जाने का मौका नहीं मिला। मौका मिलने पर वह अपने दोस्तों के साथ आए हैं। वहीं साधुओं का भी जम्मू शहर में पहुंचना जारी है। एक निर्मल बाबा ने बताया कि शिव शक्ति के बिना संसार अधूरा है। शिव शक्ति की कृपा से जीव को मोक्ष की प्राप्ति होती है। वह पिछले कई सालों से बर्फानी बाबा की यात्रा कर रहे हैं। उन्हें भोले नाथ के बर्फानी बाबा के रूप में दर्शन पाकर बेहद खुशी मिलती है। अन्य राज्यों से आए कई श्रद्धालुओं ने बताया कि श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले यात्रियों को भले ही कई कठिनाइयां पेश आती है लेकिन जो कठिनाइयों को झेलकर बाबा के दर्शन करते हैं, उनके पाप और कष्ट मिट जाते हैं।

जारी रही पंजीकरण की प्रक्रिया

जम्मू में तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना होने के बाद प्रशासन अगली सुबह की यात्रा की तैयारी में जुट जाता है। इसके मद्देनजर जम्मू के तीन जगहों पर बनाए गए पंजीकरण केंद्रों जिनमें महाजन हाल जम्मू, रेलवे के समीप वैष्णवी धाम और सरस्वती धाम में शनिवार को भी पंजीकरण करने की प्रक्रिया जारी रही। वहीं शुक्रवार तक 2,73,091 तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News