Valentine Week फ्रॉड अलर्ट! आशिकों जरा बचकर… प्यार के नाम पर खाली हो सकती है जेब

Tuesday, Feb 10, 2026-03:44 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर डेस्क: जैसे-जैसे वैलेंटाइन डे नज़दीक आता है, ऑनलाइन ठगी के मामले भी तेज़ी से बढ़ने लगते हैं। इस दौरान ठग प्यार, गिफ्ट और सरप्राइज़ का लालच देकर लोगों की भावनाओं के साथ-साथ उनकी जेब पर भी वार करते हैं। वैलेंटाइन वीक में लोग भावुक हो जाते हैं और जल्दी भरोसा कर लेते हैं, ऐसे में थोड़ी-सी लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है।

सबसे ज़्यादा सामने आने वाला रोमांस स्कैम डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया के ज़रिए शुरू होता है। ठग कुछ ही दिनों में प्यार का इज़हार करने लगते हैं, लेकिन मिलने या वीडियो कॉल से बचते रहते हैं। इसके बाद मेडिकल इमरजेंसी, बिज़नेस नुकसान या पैसों की ज़रूरत का बहाना बनाकर मदद मांगते हैं। एक बार पैसे भेजने पर मांग बढ़ती जाती है या फिर ठग अचानक संपर्क तोड़ देता है। ध्यान रखें, जिसे आप असल ज़िंदगी में नहीं जानते, उसे कभी पैसे या गिफ्ट कार्ड न भेजें।

वैलेंटाइन के मौके पर फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स भी सक्रिय हो जाती हैं। ये साइट्स गहने, परफ्यूम, चॉकलेट और घड़ियां भारी छूट पर बेचने का दावा करती हैं और समय पर डिलीवरी का भरोसा दिलाती हैं। लेकिन ऑर्डर करने के बाद या तो सामान नहीं पहुंचता, या फिर नकली और घटिया प्रोडक्ट भेज दिया जाता है। खरीदारी से पहले वेबसाइट के रिव्यू, संपर्क जानकारी और रिटर्न पॉलिसी ज़रूर जांच लें।

इसके अलावा, वैलेंटाइन वीक में फर्जी गिफ्ट मैसेज और ई-मेल भी तेज़ी से फैलते हैं। इनमें आपके लिए खास गिफ्ट भेजे जाने का दावा किया जाता है और लिंक पर क्लिक कर पता या डिलीवरी फीस भरने को कहा जाता है। ऐसा करते ही आपकी निजी या बैंक से जुड़ी जानकारी चोरी हो सकती है। अगर आपने कोई ऑर्डर नहीं किया है, तो ऐसे मैसेज या लिंक से दूर रहें। असली डिलीवरी कंपनियां कभी भी संवेदनशील जानकारी नहीं मांगतीं।

वैलेंटाइन डे प्यार और खुशियों का त्योहार है, लेकिन ज़रा-सी लापरवाही बड़ा नुकसान करा सकती है। इसलिए भावनाओं में बहने से पहले सोचें, जांचें और सतर्क रहें, ताकि आपका वैलेंटाइन डे सुरक्षित और यादगार बन सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News