मामूली विवाद ने धारण किया खूनी रूप, भाई ने भाई के परिवार पर किया हमला
Thursday, Jul 09, 2026-05:50 PM (IST)
फगवाड़ा(जलोटा): थाना रावलपिंडी के अंतर्गत आते गांव संगतपुर में पानी की टंकी ओवरफ्लो होने की मामूली बात को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच खूनी संघर्ष होने की सूचना मिली है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों पर एक ही परिवार के 4 सदस्यों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयानों में कश्मीरी लाल पुत्र मंगू राम निवासी संगतपुर, थाना रावलपिंडी ने बताया कि उसके भाई बिंदरपाल की पानी की टंकी ओवरफ्लो हो गई थी, जिससे गंतव्य गली में पानी जमा हो गया और कीचड़ फैल गया।
जब कश्मीरी लाल ने अपने भाई से इस संबंध में बात की तो बिंदरपाल का लड़का अजय कुमार वहां आ गया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ता देख कश्मीरी लाल का पुत्र रेशम लाल भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान बिंदरपाल और उसके पुत्र अजय कुमार ने कश्मीरी लाल और उसके पुत्र रेशम लाल के सिर पर कड़े से वार किए और गंभीर चोटें पहुंचाईं। इसके साथ ही बिंदरपाल की पत्नी सुनीता रानी और बेटी रीना ने भी उनके साथ मारपीट की।
घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल फगवाड़ा में भर्ती कराया गया। पुलिस थाना रावलपिंडी में आरोपी बिंदरपाल, अजय कुमार, सुनीता रानी और रीना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 117(2), 3(5) के तहत पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच का दौर जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
