Mata Vaishno Devi जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे का तोहफा, 14 जून से Punjab सहित कई राज्यों में चलेगी नई ट्रेन
Tuesday, Jun 09, 2026-04:32 PM (IST)
जम्मू(तनवीर सिंह): सोमवती अमावस्या के अवसर पर तीर्थयात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए, उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा से हरिद्वार के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन संख्या 04606/04605 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-हरिद्वार-श्री माता वैष्णो देवी कटरा के रूप में संचालित की जाएगी।
ट्रेन संख्या 04606 कटरा से 14 जून 2026, रविवार को शाम 18:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 06:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04605 हरिद्वार से 15 जून 2026, सोमवार को शाम 17:20 बजे चलकर अगले दिन सुबह 07:00 बजे कटरा पहुंचेगी। इस ट्रेन का केवल एक फेरा संचालित होगा।
यह पूरी तरह आरक्षित विशेष ट्रेन होगी। ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे जिसमें स्लीपर, जनरल, एसी 3-टियर और ए.सी. 2-टियर कोच शामिल हैं। मार्ग में शहीद कैप्टन तुषार महाजन, जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर एवं रूड़की सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू श्री उचित सिंघल ने कहा कि सोमवती अमावस्या पर माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि देखी जाती है। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे तत्काल आरक्षण कराएं और केवल वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें। टिकटों की उपलब्धता और आरक्षण की स्थिति के लिए यात्री 139 पर संपर्क कर सकते हैं।
उत्तर रेलवे ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पूर्व आरक्षण अवश्य करा लें और स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखें। सोमवती अमावस्या पर दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
