चंद्र ग्रहण 2025 : जानें साल के आखिरी चंद्र ग्रहण का राशियों पर क्या होगा असर
Thursday, Sep 04, 2025-06:11 PM (IST)

जम्मू डैस्क : सन 2025 का दूसरा चंद्र ग्रहण 7 सितंबर (रविवार) को लगेगा। भाद्रपद महीने की पूर्णिमा पर लगने जा रहे इस ब्लड मून की अवधि 3 घंटे 28 मिनट रहेगी और यह ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा। यह ग्रहण पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। इसलिए ही इसे ब्लड मून कहा जाता है। यह ग्रहण 7 सितंबर को लगेगा और 8 सितंबर की आधी रात तक चलेगा। भारतीय समयानुसार यह ग्रहण रात 9:58 मिनट पर शुरू होगा और 01:26 मिनट पर समाप्त होगा। इस ग्रहण के दौरान चंद्रमा पूरी तरह धरती की छाया में आ जाएगा।
वैज्ञानिक दृष्टि से जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य एक सीधी रेखा में आ जाते हैं तो इस दौरान सूर्य का प्रकाश पृथ्वी पर पड़ता है, लेकिन चंद्रमा पर नहीं पड़ता है। इस घटना को ही चंद्र ग्रहण कहते हैं। इस ग्रहण के दौरान चंद्रमा पूरी तरह धरती की छाया में आ जाएगा। जब चंद्रमा पूरी तरह से धरती की छाया में होता है, तो उसका रंग हल्का लाल या नारंगी हो जाता है। जिस वजह से इसे ब्लड मून कहते हैं।
सूतक के चलते 9 घंटे पहले मंदिरों के कपाट हो जाएंगे बंद
इस वर्ष का दूसरा चंद्र ग्रहण भारत के साथ-साथ एशिया, यूरोप, अंटार्कटिका, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर और हिंद महासागर में भी दिखाई देगा। भारत में चंद्र ग्रहण दिखाई देने की वजह से सूतक काल भी मान्य होगा। चंद्र ग्रहण शुरू होने से 9 घंटे पहले सूतक लग जाता है। सूतक के दौरान किसी भी तरह के धार्मिक कार्य नहीं किए जाते हैं। इस दौरान मंदिरों के कपाट भी बंद हो जाते हैं। चंद्र ग्रहण भाद्रपद मास की पूर्णिमा तिथि को लगेगा। इसके साथ ही पितृ पक्ष भी आरंभ हो जाएंगे। साल का दूसरा चंद्र ग्रहण शनि की राशि कुंभ में लगेगा। इसके साथ ही चंद्रमा पूर्वाभाद्रपद और शतभिषा नक्षत्र में विराजमान होंगे। 12 राशियों में से तीन राशियां ऐसी है जिनके जीवन में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलने वाला है।
जानें राशियों पर कैसा पड़ेगा चंद्र ग्रहण का प्रभाव
मेष राशि के जातकों के लिए यह चंद्र ग्रहण उन्नति लेकर आएगा। इसके अलावा मान-सम्मान मिलेगा। आपकी इच्छाएं पूरी होंगी। आपकी कमाई में भी बढ़ौतरी होने की संभावना है।
वृषभ राशि के जातकों को थोड़ा सी बीमारियां परेशान कर सकती हैं। आपको लाइफस्टाइल को अच्छा बनाना पड़ेगा ताकि आपकी इम्यूनिटी मजबूत रहे। काम की बात करें तो वर्क फैक्टर में आपको लाभ मिलने की संभावना है।
मिथुन राशि के जातकों के लिए साल का आखिरी चंद्र ग्रहण जीवन में नई संभावनाएं लेकर आने वाला है। इस राशि के जातकों को कई क्षेत्रों में अपार सफलता हासिल हो सकती है। लंबे समय से रुके कार्यों में सफलता मिलने का योग बन रहे है। आर्थिक स्थिति की बात करें तो आय के नए स्रोत बन सकते हैं। अचानक से शुभ समाचार प्राप्त हो सकता है। परिवार और मित्रों से पूरा सहयोग मिलेगा, जिससे आप अपने लक्ष्य को पाने में सफल हो सकते हैं। व्यापारियों के लिए यह समय विशेष रूप से लाभकारी रहेगा। अच्छा खासा मुनाफा हो सकता है। नौकरीपेशा जातकों की बात करें तो पदोन्नति के अलावा मान-सम्मान मिल सकता है। शिक्षा के क्षेत्र में लाभ मिल सकता है। वहीं संतान पक्ष से आपको थोड़ी चिंता मिल सकती है जिससे आपको थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है।
कर्क राशि के जातकों के लिए यह चंद्र ग्रहण का असर अच्छा नहीं रहेगा। आपके साथ कोई दुर्घटना हो सकती है। आपके सीक्रेट्स बाहर आ सकते हैं इसके अलावा आपका कोई नुकसान होने की संभावना है।
सिंह राशि के जातकों के लिए यह चंद्र ग्रहण बहुत बुरा साबित हो सकता है। आपका आपके बिजनेस पार्टनर और जीवनसाथी के साथ विवाद होने की संभावना है। इसके अलावा जीवनसाथी के बीमार भी हो सकता है जिसके चलते आपको परेशानी होगी।
कन्या राशि के जातकों को इस दौरान थोड़ा संभलकर रहना पड़ेगा। आपको किसी भी तरह की लीगल या फाइनेंसियल गारंटी नहीं लेनी है। ऐसा होने पर आपको परेशानी उठानी पड़ सकती है और घाटा होगा इसलिए कोई भी फैसला लेने से पहले थोड़ा संभल जाए।
तुला राशि के जातकों के लिए यह चंद्र ग्रहण मिलाजुला असर दिखाएगा। कोई भी फैसला लेने से पहले अपने किसी शुभचिंतक से सलाह जरूर लें। ऐसा करने पर आपको कोई भी दिक्कत या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
वृश्चिक राशि के जातकों को इस चंद्र ग्रहण के चलते थोड़ी परेशानी आ सकती है। Mother की तबीयत खराब हो सकती है। इसके अलावा प्रॉपर्टी खरीदने पर हेरा-फेरी हो सकती है और घाटा पड़ सकता है। ऐसे में थोड़ा देख-परख कर समझदारी से काम लें।
धनु राशि के जातकों के लिए ये चंद्र ग्रहण अत्यंत शुभ संकेत लेकर आ रहा है। इस राशि के जातकों की कई मनोकामनाएं पूर्ण हो सकती है। करियर में नई ऊंचाइयां प्राप्त करने के कई अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही व्यापार के क्षेत्र में भी आपको किस्मत का साथ मिल सकता है। नए ऑर्डर मिलेंगे जिससे काफी मुनाफा होगा। दांपत्य जीवन और रिश्तों में मिठास आएगी। विद्यार्थियों के लिए यह समय सफलता का मार्ग प्रशस्त करेगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। समाज में मान-सम्मान में वृद्धि होगी। अध्यात्म की ओर आपका झुकाव अधिक होगा।
मकर राशि वालों के लिए साल का आखिरी चंद्र ग्रहण घाटे का साबित हो सकता है। आपको धन की हानि हो सकती है। ऐसे में किसी को पैसों का लेन-देन करते समय थोड़ी सावधानी से काम लें।
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह चंद्र ग्रहण बिलकुल भी अच्छा नहीं है। यह ग्रहण कुंभ राशि में ही लग रहा है ऐसे में आपको कई परेशानियां झेलनी पड़ सकती है। आपके जीवनसाथी और आपके संबंधों को लेकर परेशानी हो सकती है और उसके स्वास्थ्य को लेकर भी आपको चिंता हो सकती है।
मीन राशि के जातकों के लिए यह चंद्र ग्रहण कुछ बुरा असर भी दिखा सकता है। इस दौरान आपके विदेश जाने के सपने में अड़चनें आ सकती हैं। ऐसे में इंपोर्ट-एक्सपोर्ट के लिए, इमीग्रेशन के लिए, फाइल लगाने के लिए, वीजा के लिए फाइल लगाना चाहते हैं तो आप अपने सभी डॉक्यूमेंट्स चैक कर लें ताकि कोई दिक्कत न हो।