J&K के इन इलाकों में बारिश का Alert... बाढ़ आने की सम्भावना
Saturday, Jul 12, 2025-05:15 PM (IST)

जम्मू : बीते दिन हुई बारिश के बाद शुक्रवार को जम्मू के मौसम ने करवट ली। संभाग में तेज धूप का प्रकोप देखा गया। साथ ही बारिश के बाद संभाग में उमस की मार और अधिक बढ़ गई है। बारिश से तापमान में कमी दर्ज की गई है लेकिन उमस के चलते लोगों को गर्मी का अधिक एहसास हुआ। शुक्रवार सुबह तड़के आसमान साफ होने से गर्मी में इजाफा हुआ, लेकिन 10 बजे के बाद निकली सीधी धूप के चलते लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
हल्की से मध्यम बारिश की सम्भावना
मौसम विभाग के अनुसार आज जम्मू कश्मीर में कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। सबसे अधिक बारिश जम्मू के पुंछ में हो सकती है। विभाग ने 13 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर के कुछ स्थानों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही अधिकतर इलाकों में मौसम गर्म रहेगा। 14 से 16 जुलाई तक कई स्थानों पर रुक-रुक कर एक या दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार 14 से 16 जुलाई के दौरान कुछ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने के साथ अचानक बाढ़ आ सकती है।
जम्मू-कश्मीर के अधिकतर इलाकों के तापमान में 2 से 5 डिग्री तक गिरावट रिकार्ड
मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर संभाग के अधिकांश इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 4 डिग्री सैल्सियस कम और जम्मू संभाग में 2 से 5 डिग्री सैल्सियस कम रिकार्ड किया गया। कश्मीर संभाग के अधिकांश भागों में न्यूनतम (रात) तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री कम और जम्मू संभाग में 0 से 1 डिग्री सैल्सियस कम रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान कश्मीर संभाग के गुलमर्ग में 9 डिग्री सैल्सियस और जम्मू संभाग के बनिहाल में 14.6 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here