Jammu Border से माता वैष्णो देवी के दरबार तक भव्य यात्रा, अखंड ज्योति लेकर हजारों श्रद्धालु हुए रवाना
Friday, Sep 25, 2026-12:53 PM (IST)
अखनूर/परगवाल(रोहित मिश्रा): अंतरराष्ट्रीय सीमा, अखनूर के परगवाल सेक्टर से शुक्रवार सुबह ठीक 5 बजे माता वैष्णो देवी की भव्य पैदल यात्रा अखंड ज्योति के साथ श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में रवाना हुई। नवदुर्गा पैदल यात्रा समिति के तत्वावधान में निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के रवाना होते ही पूरा सीमावर्ती क्षेत्र “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठा।
ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालु माता के भजनों पर झूमते और नाचते हुए आगे बढ़े। अखंड ज्योति के साथ कई किलोमीटर का पैदल सफर तय करने निकले श्रद्धालुओं में विशेष रूप से युवा पीढ़ी का उत्साह देखते ही बन रहा था। चारों ओर माता के जयकारे, भक्ति गीत और श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत दृश्य दिखाई दे रहा था।
नवदुर्गा पैदल यात्रा समिति के अनुसार, यह यात्रा पिछले लगभग 38 वर्षों से निरंतर आयोजित होती आ रही है। हर वर्ष सीमावर्ती क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दरबार की ओर पैदल प्रस्थान करते हैं।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने माता रानी से प्रार्थना की कि जम्मू-कश्मीर में सुख-शांति और अमन कायम रहे, सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों की सुरक्षा बनी रहे तथा देश की सीमाओं पर तैनात जवान सदैव सुरक्षित रहें।
अंतरराष्ट्रीय सीमा से सूर्योदय से पहले निकली अखंड ज्योति की यह यात्रा आस्था, एकता और संकल्प का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थी। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और गूंजते जयकारों ने पूरे परगवाल सीमावर्ती क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
