GMC बक्शी नगर के पास दर्दनाक हादसा, लंगर से खाना लेकर लौट रही महिला को बस ने कुचला
Sunday, May 17, 2026-05:38 PM (IST)
जम्मू ( तनवीर ) : जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) बक्शी नगर के पास एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार बस ने सड़क पार कर रही लगभग 45 वर्षीय एक महिला को कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से महिला को लहूलुहान हालत में जीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मरीज के लिए खाना लेने आई थी महिला
मौके से मिली जानकारी के अनुसार, इस अज्ञात महिला का कोई मरीज जीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन (भर्ती) था। महिला उसी मरीज के लिए अस्पताल के बाहर लगने वाले लंगर से सेवा का खाना लेने आई थी। वह जैसे ही खाना लेकर वापस अस्पताल की तरफ मुड़ी, तभी एक अनियंत्रित बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
तफ्तीश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बक्शी नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह महिला कहां की रहने वाली थी और अस्पताल के किस वार्ड में उसका कौन-सा मरीज भर्ती था, ताकि उसके परिजनों से संपर्क किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
