Jammu में अष्टमी-रामनवमी पर ट्रैफिक अलर्ट! सड़कों पर सख्ती, पुलिस ने लगाया स्पेशल नाका
Thursday, Mar 26, 2026-11:21 AM (IST)
जम्मू ( तनवीर सिंह ) : पूरे भारत में जहां नवरात्रि का उत्सव चल रहा है, वहीं आज अष्टमी और कल दोपहर तक रामनवमी मनाई जाएगी। इसी के चलते जम्मू में लोगों ने अपने घरों में खेत्री उगाई हुई है, जिसे आज अष्टमी और कल रामनवमी के अवसर पर जम्मू तवी में विसर्जित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
इस दौरान कई लोग जल्दबाजी में अपने चार पहिया और दो पहिया वाहनों को सड़क पर गलत तरीके से खड़ा कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। इस स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जम्मू साउथ ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई है।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डीएसपी Dr. Sunniya Ashkoor Wani स्वयं पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं। साथ ही एक विशेष नाका लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति बिना वैध कागजात के वाहन न चला रहा हो और कोई भी वाहन गलत तरीके से पार्क न किया गया हो।
इस नाके के दौरान कई वाहनों, जिनमें मेटाडोर और दोपहिया वाहन शामिल थे, को रोककर उनके कागजात जांचे गए। जिन वाहनों के कागजात पूरे पाए गए, उन्हें जांच के बाद जाने दिया गया, जबकि जिनके कागजात अधूरे थे, उनके चालान किए गए।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य ट्रैफिक जाम की स्थिति को नियंत्रित करना और आम जनता को किसी भी असुविधा से बचाना है। इस दौरान डीएसपी Dr. Sunniya Ashkoor Wani ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील भी की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
